योजना ज्ञान के बारे में (About Yojana Gyan)

योजनाओं का लाभ कैसे उठाएं?

सरकारी योजनाओं का लाभ कैसे उठाएं? यह सवाल हर उस युवा के मन में जरूर आता है, जो सरकारी योजनाओं की मदद से तरक्की की इबारत लिखना चाहता है। इस सवाल का किताबी जवाब मिल भी जाये तो व्यवहार में उसकी उपयोगिता न के बराबर रहती है। इसलिए सरकारी योजनाओं का लाभ कैसे उठाएं? यह जानने से पहले हमें इसकी पृष्ठभूमि और इससे जुड़े अन्य पहलुओं पर निगाह डालनी चाहिए।

योजनाएं और सवाल

भारत की केन्द्रीय सरकार और राज्य सरकारें लोगों की जिन्दगी बेहतर बनाने के लिए कागजों पर लगातार अच्छी योजनाएं बनाती और उनको लागू करती रही हैं। इसके बावजूद आजादी के बाद से आज तक लोगों की जिन्दगी में ज्यादा सकारात्मक बदलाव नहीं आये। लोग यही नहीं जान पाये कि सरकारी योजनाओं का लाभ कैसे उठाएं?

आप भी जरूर सोचते होंगे कि इसकी क्या वजह है? आखिर एक युवा लोकतन्त्र में ऐसी क्या कमी रह गयी जो तरक्की के नये और जोशीले सपनों से भरा देश अपनी रफ्तार तेज नहीं कर सका?

विकास जमीन पर क्यों नहीं उतर रहा?

बड़े होते किशोर के रूप में मैं भी ऐसा ही सोचता रहता। अखबार पढ़ता तो अक्सर ही नयी योजनाओं की घोषणा और उनकी शुरुआत पर नजर पड़ती। उनके बारे में खुद से समझने की कोशिश करता और बहुत बार बड़ों से भी पूछता। कर्ई बार साफ जवाब मिलता और कई बार गोल-मोल। इसके साथ ही मेरे भीतर की स्वाभाविक जिज्ञासा कई नये, पेचीदा और परेशान करने वाले सवाल खड़ी करती। आखिर विकास जमीन पर क्यों नहीं उतर पा रहा? लोग सरकारी योजनाओं का लाभ कैसे नहीं उठा पा रहे हैं?

सवालों की लम्बी सूची

सवाल और भी होते। मसलन, सरकारों से जनकल्याण के नाम पर मिलने वाला धन कहां जाता है? मेरे गांव की सडक़ नहीं बनी, उसके लिए कौन जिम्मेदार है? किससे शिकायत की जाये? हमारे पिताजी, पड़ोसी, रिश्तेदार और गांव तथा पड़ोसी गांवों के लोग अपना अनाज आढ़तियों के हाथ औने-पौने दामों पर बेचने के लिए क्यों मजबूर हैं? वाराणसी के काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में कृषि व औद्यानिक कृषि के भरे-पूरे सशक्त विभागों के होते हुए हमारे लोगों को उन्नतशील बीज क्यों नहीं मिलते? कोई उर्वरकों के सन्तुलित उपयोग के बारे में क्यों नहीं बताता? इस सवालों में से अधिकतर के जवाब मिल जाते अगर कोई यही बता देता कि लोग सरकारी योजनाओं का लाभ कैसे उठाएं?

मजबूरी का पोस्टमार्टम

दिन-सप्ताह, महीने, साल बीतते गये। उम्र बढ़ती रही और उसके साथ सवालों की सूची भी लम्बी होती गयी। जब अखबार में काम करना शुरू किया तो दृष्टि क्षेत्र का विस्तार हुआ और जिन सवालों से परेशान था, उनका हल तो हुआ। परन्तु उनसे भी बड़े सवाल मुंह बाये खड़े हो गये- सरकारों और प्रशासनिक मशीनरी की मंशा और उनकी कार्यशैली को लेकर।

जागरूकता की मुह‌िम

वर्षों के मंथन से बात समझ में आयी कि शिक्षा ही हालात को बदलने के लिए सबसे सही उपकरण है। लोगों को सिर्फ वर्णमाला की समझ ही नहीं देनी है। बल्कि, उन्हें योजनाओं की जानकारी के लिए सरकारी मशीनरी से इतर तेज और भरोसेमन्द साधन प्रदान करना होगा। इण्टरनेट के प्रसार ने इस समस्या का हल बहुत आसान कर दिया। सोशल मीडिया इसमें सहयोगी भूमिका निभा रही है। कई दशक पहले सिर्फ सवालों से घिरा रहने वाला तब का किशोर इनकी ताकत से लैस है। उसने अब लोगों को सवालों के जवाब मुहैया कराने का बीड़ा उठा लिया है। ठान लिया है कि लोगों को जानकारी के अभाव में योजनाओं का लाभ लेने से वंचित नहीं रहने देंगे। उन्हें बतायेंगे- हर मुमकिन साधन से, ताकि किसी का वाजिब हक न मार लिया जाये।

Yojana Gyan : All Govt. Schemes 
सरकारी योजनाओं का लाभ कैसे उठाएं?
YojanaGyan.com

दोस्तों, बस इसी संकल्प ने ‘YojanaGyan.com’ को जन्म दिया। प्रयास आपके सामने है।

कोई तो मदद करता!

ये तो हुआ एकालाप। अब एक सवाल आपसे। क्या आपने कभी ऐसा महसूस किया है कि काश! किसी ने मुझे सही समय पर सही अवसर और सही प्रोसेस की जानकारी दी होती तो व्यक्तिगत जीवन के हर पहलू में मैं कुछ अलग ही उंचाई पर होता/होती? जरूर किया होगा। अगर कभी किसी योजना के बारे में पता भी चला होगा तो एक और बड़ा सवाल मुंह बाये खड़ा होगा कि सरकारी योजनाओं का लाभ कैसे उठायें?

अवसर की पुकार सुनने से नहीं चूकेंगे

हममें से ज्यादातर लोग किसी न किसी वजह से अवसर की पुकार सुनने से चूक जाते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा, क्योंकि YojanaGyan.com के रूप में आपके पास अब एक ऐसा दोस्त है, जो आपको सरकार द्वारा शुरू की गयीं योजनाओं और सरकार की ओर से आमजन को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में सूचित करता रहेगा। सचेत करता रहेगा।

दोस्तों, हमारी हमेशा यही कोशिश रहेगी कि हम आपको हमेशा सही जानकारी दें। इसके लिए हमें चाहे ऑफिशियल वेबसाइट या खबरों की वेबसाइट खंगालनी पड़ें या फिर अखबारों के पन्ने पलटने पड़ें।

आइये, साथ चलें

आपकी शिकायतों और आलोचनाओं से हमें रास्ते पर बने रहने में मदद मिलेगी। आपकी सराहना हमारा उत्साह बढ़ायेगी। जब भी आपको लगे कि किसी योजना की सूचना देने में हम चूक गये हैं या कोई चूक कर रहे हैं, तो आप हमें टोकें जरूर, बतायें जरूर।

एक और जरूरी बात, यदि आपको कोई खबर, आर्टिकिल पसन्द आता है। लगता है कि आपके अन्य दोस्तों को भी इस जानकारी से फायदा हो सकता है। उनकी जिन्दगी भी बदल सकती है (जिसके वे पूरे हकदार हैं) तो आप YojanaGyan.com की उस खबर का लिंक उनसे भी शेयर करें।

आपका दोस्त

अशोक

इसमें सहयोगी बन रहे हैं निम्निलित सोशल मीडिया प्लेटफार्मः