अयोध्या योगी राज में ऐसे हासिल कर रही अपना पुरातन गौरव

अयोध्या का पुरातन, ऐतिहासिक, धार्मिक, आध्यात्मिक तथा सांस्कृतिक गौरव प्रतिष्ठित करने का कार्य : मुख्यमंत्री

भगवान राम के स्वागत के लिए राम की नगरी अयोध्या को उत्तर प्रदेश सरकार बहुविध संवार रही है।
भगवान राम के स्वागत के लिए राम की नगरी अयोध्या को उत्तर प्रदेश सरकार बहुविध संवार रही है।

विकास का रोडमैप

  • अयोध्या को वैश्विक पहचान दिलाना और सर्वांगीण विकास सरकारों की प्राथमिकता
  • भारत सरकार अयोध्या में करा रही अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का विकास एवं निर्माण
  • अयोध्या तक आने वाले रेलवे ट्रैक की डबलिंग, रेलवे स्टेशन का विस्तार प्रस्तावित
  • अयोध्याधाम की पहचान लौटाने के लिए विभिन्न विकास परियोजनाएं संचालित
  • अयोध्या नगरी आने वाले श्रद्धालुओं-पर्यटकों को मिलेंगी सभी जरूरी सुविधाएं
  • तेजी से कराया जा रहा अन्तर्राष्ट्रीय रामलीला केन्द्र तथा सांस्कृतिक मंच ऑडिटोरियम का निर्माण
  • 5,457 लाख की पेयजल योजना फेज-3 एवं 3,789 लाख की सीवरेज योजना फेज-2 का कार्य प्रगति पर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या के पुरातन, ऐतिहासिक, धार्मिक, आध्यात्मिक तथा सांस्कृतिक महत्व के दृष्टिगत केन्द्र व राज्य सरकार इसका प्राचीन गौरव प्रतिष्ठित करने का कार्य कर रही हैं। इसे वैश्विक पहचान दिलाने के साथ-साथ समस्त आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर इसका सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकता है।

यह जानकारी यहां देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में अयोध्या का प्राचीन गौरव तथा सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परम्परा एवं पहचान पुनर्स्थापित करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा अनेक विकास परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से अयोध्या धाम श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण के बड़े केन्द्र के रूप में उभरेगा। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यहां सभी आवश्यक सुविधाएं सुलभ होंगी।

1902 लाख से भजन संध्या स्थल का निर्माण लगभग पूर्ण

अयोध्या में भजन संध्या स्थल, दशरथ महल, सत्संग भवन, यात्री सहायता केन्द्र, रैन बसेरा, क्वीन हो मेमोरियल पार्क, रामकथा पार्क के विस्तारीकरण का कार्य चल रहा है। भजन संध्या स्थल का कार्य लगभग पूर्ण हो गया है। इस परियोजना की लागत 1902 लाख रुपये है। 242 लाख रुपए से अधिक की लागत से बनने वाले दशरथ महल, सत्संग भवन, यात्री सहायता केन्द्र तथा रैन बसेरे का 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है।

यह भी पढ़ें :
पीएम किसान रजिस्टर में नाम गलत है? खुद ही करें ठीक

रामकथा पार्क के विस्तारीकरण की वर्तमान भौतिक प्रगति 90 प्रतिशत है। यह कार्य 31 दिसम्बर, 2020 तक पूर्ण हो जाएगा। क्वीन हो मेमोरियल पार्क का 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। इस परियोजना की लागत 2192 लाख रुपए है।

अयोध्या में मेडिकल कॉलेज के भवन का कार्य भी तेजी से जारी

उन्होंने कहा कि अयोध्या में राजर्षि दशरथ स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय के निर्माणाधीन भवन का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। 19,576 लाख रुपये लागत की इस परियोजना की वर्तमान भौतिक प्रगति 79 प्रतिशत है। यहां ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का निर्माण भी कराया जा रहा है। 524 लाख रुपए लागत की इस परियोजना के कार्य पूर्ण होने की अनुमानित तिथि 31 दिसम्बर, 2020 है।

रामायण सर्किट थीम के अन्तर्गत भी जारी हैं कई विकास कार्य

प्रवक्ता ने बताया कि रामायण सर्किट थीम के अन्तर्गत अयोध्या में विभिन्न विकास कार्य परिचालित हैं। इन कार्यों में रामकथा गैलरी निर्माण, राम की पैड़ी का कार्य, नया बस डिपो निर्माण, अयोध्या बाईपास के निकट मल्टी लेवल कार पार्किंग का निर्माण, पंचकोशी परिक्रमा मार्ग पर यात्री छादक का निर्माण, दिगम्बर अखाड़े में मल्टीपरपज हॉल का निर्माण, सिटी वाइड इन्टरवेंशन कार्य, अयोध्या स्ट्रीट रिजुवेशन के अन्तर्गत फुटपाथ के नवीनीकरण का कार्य, अयोध्या मुख्य मार्ग हनुमानगढ़ी कनक भवन पैदल यात्री मार्ग का नवीनीकरण प्रमुख हैं।

अयोध्या को संवारने के क्रम में शहर की दीवारों को धार्मिक आख्यानों के चित्रण से संवारा जा रहा है।
अयोध्या को संवारने के क्रम में शहर की दीवारों को धार्मिक आख्यानों के चित्रण से संवारा जा रहा है।

अयोध्या में पूरा हो गया है राम की पैड़ी का कार्य

इनमें से दिगम्बर अखाड़े में मल्टीपरपज हॉल तथा राम की पैड़ी का कार्य पूर्ण हो गया है। राम की पैड़ी पर अविरल जल प्रवाह हेतु राम की पैड़ी रीमॉडलिंग (पार्ट-ए रीमॉडलिंग ऑफ पम्प हाउस) का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। शेष कार्य इस वर्ष के अन्त तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। 973 लाख रुपए की लागत की लक्ष्मण किला घाट विकास एवं निर्माण कार्य परियोजना तथा 3,564 लाख रुपए की गुप्तार घाट विकास एवं निर्माण कार्य परियोजना पूर्ण कर ली गयी हैं।

यह भी पढ़ें :
कुसुम योजना : खाली जमीन पर सौर ऊर्जा प्लांट लगाकर करें कमाई

प्रवक्ता ने कहा कि अयोध्याधाम में अन्तर्राष्ट्रीय रामलीला केन्द्र तथा सांस्कृतिक मंच ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इनकी वर्तमान भौतिक प्रगति क्रमशः 75 प्रतिशत एवं 56 प्रतिशत है। इन कार्यों को 31 दिसम्बर, 2020 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।

राम की पैड़ी पर अविरल जल प्रवाह के लिए भी कई कार्य

राम की पैड़ी पर अविरल जल प्रवाह हेतु राम की पैड़ी रीमॉडलिंग (पार्ट-बी रीमॉडलिंग ऑफ चैनल) के कार्य की वर्तमान भौतिक प्रगति 93 प्रतिशत है। इसे 31 दिसम्बर, 2020 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। जनपद अयोध्या में प्रेस क्लब का निर्माण कार्य गतिशील है। इसकी वर्तमान भौतिक प्रगति 77 प्रतिशत है।

प्रवक्ता ने बताया कि अमृत योजना के अन्तर्गत 5,457 लाख रुपए लागत की नगर निगम अयोध्या पेयजल योजना फेज-3 एवं 3,789 लाख रुपए लागत की अयोध्या सीवरेज योजना फेज-2 का कार्य प्रगति पर है। इन योजनाओं को क्रमशः 15 नवम्बर, 2021 तथा 15 दिसम्बर, 2020 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।

अयोध्या की सूरत संवारने में केन्द्र भी कर रहा भरपूर मदद

राम की नगरी के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित परियोजनाओं के अलावा भारत सरकार द्वारा अयोध्या में अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का विकास एवं निर्माण एवं रायबरेली से अयोध्या तक मार्ग का 4 लेन चौड़ीकरण की परियोजना सम्मिलित हैं। साथ ही, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा अयोध्या धाम के बाईपास हेतु सोहावल से विक्रमजोत तक बाईपास का प्रस्ताव बनाया जा रहा है। इसके अलावा, अयोध्या तक आने वाले रेलवे ट्रैक की डबलिंग, रेलवे स्टेशन का विस्तार एवं सौन्दर्यीकरण का कार्य प्रस्तावित है।

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग भी अयोध्या के विकास के लिए कई कार्य करा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान की जा सकें।

2 Comments

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *